शुक्रवार, 23 अगस्त 2024

साहस

  


प्रथम विश्व युद्ध का समय था। विश्व ने ऐसा भयानक युद्ध पहली बार देखा था। युद्ध-स्थल पर खाइयाँ खोदी गई थीं। सैनिकों को बमबारी से बचने के लिए इन्हीं खाइयों में रहना पड़ता था, जैसे वे इंसान नहीं कीड़े-मकोड़े हों। सैनिकों को इसमें रहने की मजबूरी थी। सैनिकों के पास अपने आप को यथासंभव सुरक्षित रखने के लिये इसके अलावा और कोई दूसरा विकल्प नहीं था। उन्हें,  कभी-कभी, कई दिनों तक वहीं बंद रहना पड़ता था। कभी-कभी पन्द्रह दिन या उससे भी अधिक समय तक के लिए। सिपाहियों को अदला-बदली करने का कोई साधन नहीं था। यह एक अमानुषिक अवस्था थी। और-तो-और ऐसे सैनिक भी थे जिन्हें ऐसे ही छोड़ दिया गया था, क्योंकि बमबारी वगैरह के कारण उन्हें कोई राहत नहीं दी जा सकती थी। उन्हें राहत देने का अर्थ था नये सैनिकों को लाना और पुरानों को आराम देने के लिए वापस ले जाना। यह अवस्था, किसी के भी  पागल हो जाने के लिये पर्याप्त कारण थी। ख़ैर, इन लोगों में से कुछ ऐसे भी थे जिन्होंने लौट कर अपनी ज़िंदगी के बारे में, जो कुछ हुआ, जो कुछ घटा उसके बारे में बताया।

          इनकी किताबें छपीं, कहानी-किस्से उपन्यास नहीं, उनके अनुभव की रिपोर्टें। वैसे ही एक सैनिक ने युद्ध की अपनी यादें लिखीं। उसने बताया कि वे बमबारी के दौरान दस दिनों तक वैसे ही एक खाई में रुके रहे। ऐसे भी थे जो वहीं समाप्त हो गये। दिस दिन बाद उन्हें पीछे वापस लाया गया और दूसरों ने उनकी जगह ले ली। स्वाभाविक रूप से उन्हें भर पेट भोजन नहीं मिला, पौष्टिक आहार नहीं मिला, सोने के लिये पर्याप्त स्थान और समय नहीं मिला। वे लंबे समय तक अंधेरे गड्ढों में रहे। वास्तव में यह एक अमानवीय जीवन था। जब वे वापस आये तब उनमें से कुछ अब अपने जूते भी नहीं उतार सकते थे क्योंकि पैर अंदर से इतने सूज गए थे कि उन्हें निकाला नहीं जा सका, उन्हें काट कर ही निकाला गया। उस समय गाड़ी, बस, ट्रक भी नहीं थीं अतः उन्हें पैदल ही वापस आना पड़ा, कुछ टूटे हुए, कुछ अधमरे हुए। वे फंस हुए थे।

          लेकिन, साहस की दृष्टि से यह युद्ध की सबसे खूबसूरत चीजों में से एक थी - क्योंकि वे रुके हुए थे, डटे हुए थे। दुश्मन खाइयों पर कब्ज़ा नहीं कर सका और आगे नहीं बढ़ सका। स्वाभाविक रूप से चारों ओर खबर फैल गई। जब वे एक गांव के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा गांव के सभी लोग उनका स्वागत करने के लिए अपने घरों से बाहर आये हैं। उन पर फूलों की बरसात की गई, सड़कों पर फूलों की कतार लगा दी और उत्साह से नारे लगा रहे थे। वे सभी लोग जो खुद को खड़ा नहीं कर पा रहे थे, अपने को खींच भी नहीं सकते थे, अचानक वे सभी खुद को सीधा खड़ा करते हुए, अपने सिर उठाए हुए, ऊर्जा से भरे हुए दिखाई दिये, और सभी एक साथ शुरू हो गये, देश भक्ति के गीत गाने लगे और पूरे गाँव में गाते हुए चक्कर लगाया। वे, जो अभी तक शिकायतें कर रहे थे अब अपनी बहादुरी के किस्से सुनाने लगे। यह पुनरुत्थान जैसा लग रहा था।

          खैर, मैं यह सब इसलिए बता रहा हूँ क्योंकि यह अकल्पनीय है। यह बहुत खूबसूरत भावना है, जो सबसे अधिक भौतिक चेतना में है! आप देखिए, अचानक, उन्हें यह एहसास हुआ कि वे नायक हैं, कि उन्होंने कुछ वीरतापूर्ण काम किया है, और इसलिए वे ऐसा नहीं दिखना चाहते थे कि वे लोग पूरी तरह से निराश हो गए हैं, अब किसी भी चीज़ के लिए अच्छे नहीं हैं। "यदि आवश्यक हुआ तो हम लड़ाई में वापस जाने के लिये तैयार हैं!" और वे इस प्रकार गीत गाते हुए वे आगे बढ़ गये। ऐसा लगता है कि यह अद्भुत था; मुझे इस पर यकीन है कि यह अलौकिक था, अद्भुत था, अविश्वसनीय था।

          हमारी दिल से निकली एक मुस्कुराहट, प्रशंसा के दो मीठे शब्द, आँखों का एक इशारा भी थके हुए को उत्साहित कर सकता है, ऊर्जा हीन को अदम्य ऊर्जा से भर सकता है, डरपोक को साहसी बना सकता है। देने वाले का कुछ धन नहीं लगता बल्कि उसे भी संतोष और सुख मिलता है।  फिर उसमें कंजूसी क्यों?

          वे सिपाही साहसी थे। गाँव-वासियों ने उनके साहस को जगा दिया। दरअसल साहस वह मानसिक गुण या शक्ति है जिसके द्वारा मनुष्य यथेष्ट बल के अभाव में भी कोई भारी काम कर बैठता है या दृढ़तापूर्वक विपत्तियों या कठिनाइयों आदि का सामना करता है ।

          साहस की पहली और सबसे महत्वपूर्ण पहचान यह है कि डर का अनुभव होने के बावजूद व्यक्ति वह करता है जो उचित है। प्रतिक्रिया करने के बजाय हमारे पास कुछ कर डालने का साहस होना चाहिए। जीवन में जो भी घटनाएं घटित होती है और जो कुछ भी हुआ है, उसे स्वीकार करने की कोशिश करते रहना चाहिए। हम में से कई लोग जिन चीजों की उम्मीदें संजोते हैं जब वह नहीं मिल पाती तो जिंदगी से हार मान लेते हैं। हमेशा याद रखें जिसे हम पूरी शिद्दत से चाहते हैं, जिसे हमने लगातार चाहा हो, उसके न मिलने पर भी जिंदगी में आगे बढ़ते जाना ही साहस है।

          साहस की पहचान है अपने दिल की सुनना और मुश्किलों का सामना होने पर भी डटे रहना। साहस जीत का सिंघनाद नहीं बल्कि वह धीमी आवाज है जो कहती है कि कल मैं फिर कोशिश करूंगा। जो सही है उसका साथ देना साहस की पहचान है। साहस की पहचान है ऐसी स्थिति जहां डर के मुकाबले साहस की प्रधानता हो, जोखिम उठाने की भूख हो। जितना साहस होता है उसी के अनुपात में जिंदगी फैलती है।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, परिचितों से शेयर करें।

अपने सुझाव ऑन लाइन  दें।

यू ट्यूब पर सुनें :

https://youtu.be/9S2RCJHyD8I

पुराने लोकेशन  का  लिंक : 

https://maheshlodha.blogspot.com


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

बंगाल की संस्कृति (एक चिंतन)

  हम , अपने जीवन में अनेक प्रकार के आयोजनों यथा पारिवारिक , सामाजिक , साहित्यिक , धार्मिक , व्यापारिक , राजनीतिक आदि में शरीक होते हैं।...