शनिवार, 21 नवंबर 2026

अशांति से शांति

 



हर कोई अशांति से परेशान है, बेचैन है, पीड़ित है; शांति पाने के लिए शांति को खोजने में व्यस्त है। मंदिरों में, मठों में, पहाड़ों पर, वन में, ध्यान में हर जगह खोजा, लेकिन क्या वह मिली? मन की शांति पाने के लिए शांति को खोजने की नहीं, उसे समझने की आवश्यकता है। हम प्रायः अशांत होते ही, उससे छुटकारा पाने के उपाय खोजने लगते हैं। मन को समझाते हैं, विचारों को दबाते हैं। लेकिन इन प्रयासों के बावजूद अशांति बनी रहती है, बढ़ भी जाती है। लेकिन अशांति से न घबराना है, न भागना। उसे समझना है, क्योंकि शांति का मार्ग ,अशांति को समझने में ही छिपा है।

चिंता को दूर करना, क्रोध को दबाना, विचारों को रोकना यह सब उन्हें रोकता नहीं बढ़ाता है, एक नई बेचैनी पैदा करता है, हमारी अशांति में उन्हें न रोक पाने की परेशानी  और जुड़ जाती है। मन को जबरन शांत करने की कोशिश करने के बजाय अपनी मानसिक अवस्था को समझने से शुरुआत करें।

जब मन वास्तव में क्रोध या चिंता से घिरा होता है, तब ये उपदेश - क्रोध मत करो, चिंता मत करो, व्यर्थ की बातों में मत उलझो, सहायता नहीं करते। हम जानते हैं कि चिंता करना व्यर्थ है, फिर भी चिंता करते हैं। जानते हैं कि क्रोध उचित नहीं, फिर भी क्रोध कर बैठते हैं। कारण? किसी बात को जानना और उसे अपने जीवन में अनुभव करना अलग-अलग बातें हैं। केवल यह जान लेने से कि हमें शांत रहना चाहिए, मन शांत नहीं हो जाता। हमें अपनी अशांति को स्वयं ही पहचानना और समझना होगा। हमें यह समझने का प्रयास करना होगा कि हमारे भीतर अशांति पैदा कैसे होती है, इसके बिना उससे मुक्त होने का प्रयास भी अधूरा रहता है।

हम प्रायः अशांति से जल्दी से छुटकारा पाना चाहते हैं। लेकिन, इसके लिए पहले हमें यह देखना है कि अशांति है क्या? समझना कहाँ से आई, और भीतर कर क्या रही है? कोई बात बुरी लग गई, कोई इच्छा पूरी नहीं हुई, अपेक्षित व्यवहार नहीं मिला या भविष्य की कोई आशंका — इनमें से कोई भी बात अशांति का कारण बन सकती है। लेकिन उसे केवल जान लेना पर्याप्त नहीं। यह देखना भी आवश्यक है कि वह हमारे भीतर कैसी प्रतिक्रिया पैदा कर रही है - अपमान का अनुभव, अपेक्षा का टूटना, ऐसी परिस्थिति जो स्वीकार्य नहीं और जिसे बदलना फिलहाल हमारे वश में नहीं है?

जब हम अशांति के वास्तविक स्वरूप को पहचानने लगते हैं, तब उसके साथ विवेकपूर्ण ढंग से काम करने की संभावना पैदा होती है। जिस अशांति को हम समझते नहीं, उससे मुक्त होने का मार्ग भी हमें स्पष्ट नहीं होता।

हम अक्सर वास्तविकता में नहीं बल्कि वास्तविकता कैसी होनी चाहिए में उलझे रहते हैं। हम चाहते हैं कि दूसरे हमारी इच्छा के अनुसार व्यवहार करें, परिस्थितियाँ हमारे अनुकूल रहें और जीवन में कोई अप्रिय घटना न घटे। लेकिन ऐसा संभव नहीं और तब हम असंतुष्ट और अशांत हो जाते हैं। और बार-बार उसी बात को मन में दोहराते हैं और अपनी अशांति को बढ़ाते रहते हैं।

इसका अर्थ यह नहीं कि हम गलत परिस्थितियों को स्वीकार कर लें, जहाँ सुधार संभव है, वहाँ प्रयास करना चाहिए। लेकिन परिस्थिति को सुधारने का प्रयास और उसके कारण अपने भीतर पैदा हुई अशांति में डूबे रहने के बीच अंतर है।

सामान्यतः अशांत होने पर हम अपने मन से लड़ने लगते हैं। क्रोध, भय, चिंता करने लगते हैं और इस प्रकार मूल अशांति के साथ एक संघर्ष और जुड़ जाता है। इस संघर्ष से अपने आप को बचाना है। अपनी मानसिक अवस्था को  बिना निंदा और बिना दबाव के समझना है।

अगर क्रोध आ गया तो यह देखें कि वह कैसे पैदा हुआ, कौन-सा विचार उसे बढ़ा रहा है और वह हमारे व्यवहार को किस दिशा में ले जा रहा है। इस प्रकार सजग होकर देखने से हमें अपनी प्रतिक्रिया को समझने और उसके वशीभूत होकर कार्य करने से बचने का अवसर मिलता है।

यही वह बिंदु है, जहाँ अशांति से शांति की ओर यात्रा आरंभ होती है। अशांति हमारी शत्रु नहीं रह जाती, बल्कि स्वयं को समझने का माध्यम बन जाती है।

जब हम किसी विचार को बार-बार दोहराते हैं, किसी घटना को मन में फिर से जीते हैं या अपनी अपेक्षाओं को वास्तविकता से ऊपर रखते हैं, तब अशांति बनी रहती है। लेकिन जब हम इस पूरी प्रक्रिया के प्रति जागरूक होते हैं, तब हमें अपने मन को समझने का अवसर मिलता है। हम प्रत्येक विचार को सच मानने और प्रत्येक भावना के अनुसार व्यवहार करने के लिए विवश नहीं रहते।

‘अशांति का पूर्ण दर्शन’ इसी सजगता का नाम है। इसका अर्थ यह नहीं कि अशांति को एक बार देख लेने से वह जीवन में कभी लौटेगी ही नहीं। इसका अर्थ है कि उसे जितनी गहराई से समझेंगे, उतनी ही स्पष्टता से उसके प्रभाव से बाहर आने का मार्ग दिखाई दे सकता है।

अशांति से घबराना नहीं है, उससे भागना नहीं है; उसी को समझकर शांति का मार्ग खोजना है। शांति का मार्ग अशांति से भागकर नहीं, अशांति को पूरी तरह समझकर निकलता है।

          आचार्य श्री रजनीश कहते हैं-

मन की शांति के लिए

          कुछ भी नहीं-किया जा सकता है ।

          लेकिन हाँ - अशांति के प्रति

                              बहुत कुछ-किया जा सकता है।

                                        और जहाँ अशांति नहीं है, वहाँ शांति है।

                                        इसलिए, शांति को खोजो ही मत ।

                                                  खोजो अशांति को ।

                                                  पहचानो अशांति को ।...

                                                            ... बस जानना उसे - यह रही ।

                                                            पहचानना उसे - ऐसे रही ।

         खोजना उसे - ऐसे जन्मती है, ऐसे फैलती है,

और

फिर ऐसे विदा होती है।...

अशांति का पूर्ण दर्शन ही अशांति से मुक्ति है।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

लाइक करें, सबस्क्राइब करें, शेयर करें।

यूट्यूब  का संपर्क सूत्र :

https://youtu.be/T_ujrvDKArY

अशांति से शांति

  हर कोई अशांति से परेशान है , बेचैन है , पीड़ित है ; शांति पाने के लिए शांति को खोजने में व्यस्त है। मंदिरों में , मठों में , पहाड़ों प...