शुक्रवार, 23 मई 2025

आत्मविश्वास का झरना

           पानी के झरने तो  बहुत देखे-सुने होंगे आपने,  लेकिन क्या है आत्मविश्वास का झरना? ऐसा नहीं है कि आपने देखा या सुना नहीं है। लेकिन आंख और कान के साथ दिमाग भी खोलें तभी दिखे भी और सुने भी।

          रामायण भी सुनी है आपने और महाभारत भी। बुद्ध, महावीर और गांधी का नाम भी सुना है आपने। लेकिन अमिट को नहीं जानते और न ही मुरलीकांत पेटकर को जानते हैं? नहीं जानते हैं न?

          राम ने लंकापति रावण पर आक्रमण किया और सीता को छुड़ा लाये। लेकिन क्या आपने इस बात पर कभी विचार किया कि न तो अयोध्या से कोई सहायता ली और न ही मिथिला से कोई सहायता मांगी? कृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अपनी पूरी चतुरंगिणी सेना शत्रुओं को सौंप दी। क्या मिला राम और कृष्ण को? अपना पूरा राज्य त्याग कर बुद्ध और महावीर अहिंसा का पाठ पढ़ाते रहे – किस लिये? गांधी – दक्षिण अफ्रीका में रेल से प्लेटफ़ार्म पर फेंक दिये जाने के बाद दूसरे दिन ही वापस उसी मुद्दे पर बग्गी वाले से भिड़ गए। उनकी एक आवाज पर करोड़ों भारतवासी डंडों के सामने अपना सर और गोलियों के सामने अपना सीना तान कर खड़े हो गए। ये हैं वे लोग जिनके अंदर से आत्मविश्वास का  झरना फूट कर बहता था।

          भारतीय नायक ने पुलवामा हमले के बाद, किसी की चिंता और परवाह किये बिना आतंकियों के ही घर में घुस कर उन्हें मारा। और आज फिर पहलगाम के बाद निडर होकर फिर से बहुत दूर तक उनके घर में घुसा, मारा और लौट आया। दहाड़ता रहा कि  पड़ोसियों से हमारी कोई दुश्मनी नहीं, लेकिन अगर मेरे दुश्मनों को कोई पनहा देगा, तो  हम उन्हें छोड़ेंगे नहीं। उनकी गोद से छीन कर उन्हें मारेंगे।

          हम इनकी प्रशंसा तो करते हैं, कुछ को अवतार मानते हैं लेकिन वैसा बनने की कल्पना नहीं करते। अनेक साधारण लोग भी हैं, अमिट और मुरली की तरह। हमारे जैसे ही, बल्कि हमारी तुलना में बेहद कमजोर। लेकिन इनमें से भी फूटता था आत्मविश्वास का झरना। उन्होंने भी वह कर दिखाया जिसकी हम कल्पना नहीं कर सकते।

          अमिट खुद बताते हैं कि बचपन में एक भयानक सड़क हादसे में अपने दोनों हाथ गँवा कर ही बच पाया था। महीने भर 'आई.सी.यू' में रहना पड़ा, तीन-चार महीने अस्पताल में और फिर शुरू हुई जीवन से उनकी जंग। शायद हादसे के साथ-साथ विधाता ने उनके  दिल और दिमाग़ पर आत्म-विश्वास का रोगन लगा दिया। अमिट ने ठान ली - ज़िन्दगी न केवल जीऊँगा, बल्कि शान से, मस्ती से झूमते हुए, जीवन का सफ़र तय करूँगा। उन्होंने अपने हृदय में एक मन्त्र का जाप करना शुरू किया, "अमिट, मिटेगा नहीं।"

          जब हम सकारात्मक सोच से लबरेज़ हो जाते हैं तो भगवान् भी आ खड़े होते हैं हमारा हाथ थामने, भले ही वे हाथ साबुत न हों। पहले अपने पैरों की उँगलियों में क़लम पकड़ कर छठी कक्षा की पढ़ाई की। जब हाथों के घाव भर गये तो अपनी बायीं कोहनी के ठूंठ से लटकते दो लोथड़ों के बीच क़लम पकड़ कर लिखने का अभ्यास शुरू कर दिया... महीने भर में सफल हो गया और क़लम पैर से निकल कर हाथों में आ गई। आज अमिट अंग्रेज़ी-साहित्य के सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। वैसे उनकी जिंदगी का संग्राम अभी बाकी है।

             जीवन को देखने का सब का अपना नज़रिया है - अँधेरे-से-अँधेरे घण्टे में भी बस साठ मिनट ही होते हैं। संसार में भगवान् ने असम्भव नाम की कोई चीज़ ही नहीं बनायी... नामुमकिन, कठिन, इत्यादि बिल्ले तो हम मनुष्य यहाँ-वहाँ टाँगते फिरते हैं। जिसकी जरूरत है वह है, सच्चा-निष्कपट, एकनिष्ठ, समर्पण-भरा प्रयास कि हम सफल होकर रहेंगे।

          दूसरा नाम है मुरली का - मुरलीकांत पेटकर। जहां अन्य खेलों में करोड़पति खिलाड़ियों पर सरकार और कंपनियाँ, इनाम और रुपयों की वर्षा कर अपने आप को गौरवान्वित अनुभव करती हैं वहाँ जिंदगी से लड़-लड़ कर मील का पत्थर साबित करने वालों को कोई नहीं पूछता।



          बचपन में ओलंपिक में स्वर्ण-पदक जीतने का सपना देखा था मुरलीकांत पेटकर ने। इस सपने ने उन्हें कुश्ती के दंगल में उतार दिया। और फिर शुरू हुआ जीवन-संग्राम। सबसे पहले अपने ही परिवार से। पिता चाहते थे बच्चा स्कूल जाए लेकिन वह पहुँच जाता था अखाड़े में। घर से भाग कर पहुँच गए सेना के प्रशिक्षण शिविर में और उसके साथ ही कुश्ती के अखाड़े से बॉक्सिंग रिंग में। लेकिन शायद यह भी उनकी फिदरत में नहीं था। 1965 में भारत-पाकिस्तान की जंग में बुरी तरह घायल हुए। रीड़ की हड्डी में फंसी गोली नहीं निकल सकी। परिणाम - पैरों से लाचार हो गये। जब कहीं रास्ता नहीं सूझता तब दिव्य रोशनी, मंजिल दिखाती है। पता चला कि पैरालंपिक्स (विकलांगों का ओलिंपिक्स) में तैराकी में उम्मीद है। बस फिर क्या था। लग गए इसकी तैयारी में। लेकिन कठिनाइयों ने अभी पीछा नहीं छोड़ा था। आतंकवादियों के हमले के कारण उस वर्ष प्रतियोगिता स्थगित हो गई। इसका मतलब था और एक वर्ष की प्रतीक्षा। मुरलीकांत ने हिम्मत नहीं हारी, आत्मविश्वास बनाए रखा और अगले वर्ष 1972 में जर्मनी में आयोजित पैरालंपिक्स में तैराकी में स्वर्ण-पदक जीत कर अपने सपनों को पूरा किया। 2018 में पद्मश्री और 2025 में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। यह था उनके आत्मविश्वास के झरने से बहता मीठा पानी। 2024 में मुरलीकांत के जीवन पर कबीर खान ने बनाई बायोपिक चंदू चैम्पियन



          अपने  बच्चों से यह कभी मत कहिए कि वे कुछ नहीं कर सकते। उनमें अपार ऊर्जा है। सफलता की निशानी केवल पढ़ाई में अव्वल आना नहीं है, मंज़िलें और भी हैं, अगर  आत्मविश्वास बरकरार है।   

          जीवन जीने के दो ही तरीके हैं -

                    पहला, यह मानना कि कोई चमत्कार नहीं होता

                              और दूसरा यह मानना कि हर वस्तु एक चमत्कार है।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

चैनल को  जरूर से

लाइक, सबस्क्राइब और शेयर

करें।

यू ट्यूब पर सुनें :

 https://youtu.be/3pgffsEq6vY


शुक्रवार, 9 मई 2025

कैसे बने बेहतर दुनिया?

  


क्या आपने हास (HAAS) स्कूल ऑफ बिज़नेस का नाम सुना है? यह कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले के अंतर्गत अमेरिका का दूसरा सबसे पुराना बिजनेस स्कूल है जिसकी स्थापना 1898 में हुई थी। आज यहाँ विशेष चहल-पहल है। सत्र की समाप्ति के बाद पुराने छात्रों का बिदाई समारोह है। लेकिन विशेष बात यह है कि समारोह के समापन के बाद गहमा-गहमी कम होने के बजाय बढ़ गई है। लोग प्रस्थान करने के बजाय दल बना कर चर्चा में मशगूल हैं। चर्चा का विषय एक ही है  - भारतीय मूल के छात्र अंगद सिंह पड्डा द्वारा बिदाई समारोह में दिया गया भाषण। इस भाषण ने केवल वहाँ के छात्रों में ही नहीं बल्कि वहां के शिक्षा-जगत में हलचल मचा दी है।  

          पड्डा ने उपस्थित समुदाय से “शांत होकर पूरे ध्यान से उस एक समस्या के बारे में विचार करने” कहा  जो उन्हें “सबसे गम्भीर लगती है... जिसके निदान से हमारी यह दुनिया कुछ बेहतर हो जायेगी।” 

          सभा कक्ष में सन्नाटा छा गया। उन्होंने बताया कि वे अमेरिका में एक सपना लेकर आए थे कि एक दिन सफलता पाकर अपने देश जाकर नशे की समस्या का समाधान कर सकें। सच, यही था उनका सपना। किशोरावस्था में नशे का शिकार होकर अपने दो सबसे अच्छे दोस्तों को मरते देखा था। इसलिए उन्हें इस समस्या का समाधान ढूंढ़ना था। जिन-जिन वे से मिले उनसे एक समस्या के बारे में पूछा जो उनको परेशान कर रही है। उनके सामने समस्याओं का अंबार लग गया।

          उदाहरण के लिए, ओकलैण्ड में एक बच्चा जो स्कूल नहीं जा पा रहा, किसी मुस्लिम महिला को हिजाब के कारण परेशान किया जाता है, एक यहूदी को उसकी टोपी के लिए कठिनाई झेलनी पड़ती है, किसी सिख को पगड़ी के कारण प्रताड़ित किया जाता है, सीरिया में एक पिता मिसाइल हमले से अपने पूरे परिवार को समाप्त होते देखता है, ये समस्याएँ हैं। उन्होंने कहा कि ये वे समस्याएँ हैं, जिनका निराकरण उन्हें करना है।

          वे आगे कहते हैं कि हम सब जानते हैं वह क्या है जो हमें औरों से अलग करता है? हम सब हर एक की सम्पन्नता के बारे में सोचते हैं। यही हमारी पहचान है। हम अपनी शिक्षा का उपयोग सिर्फ अपने हित के लिए नहीं करना चाहते, हम चाहते हैं जो शिक्षा हम पायें, वह इस दुनिया को, जीवन को, बेहतर जगह बनाने के लिए काम आनी चाहिए। हम इस दुनिया को एक करना चाहते हैं। इस समय यहां उपस्थित हर विद्यार्थी की यही भावना है। यही हमारी पहचान है।

          पर दुनिया को एक करने की बात एक अजूबा-सी लगती है, अव्यावहारिक लगती है क्योंकि आज तक दुनिया को एक नहीं किया जा सका। कोई कह सकता है कि दुनिया में कहीं भी लोगों को इस तरह से एक नहीं किया जा सका है? एक क्षण रुकने के बाद वे आगे जोड़ते हैं यदि मैं कहूं कि ऐसा हुआ है तो?

          कल्पना करिये, एक गांव है, भारत का एक सुंदर गांव। वहां के खेतों की कल्पना करें, वहां के घरों के बारे में सोचें। अब एक चीज़ की कल्पना और करें - उन घरों में कोई दरवाज़ा नहीं है, क्या यह सम्भव है? लेकिन हां, ऐसा है। भारत में शनि शिंगनापुर नाम का एक गांव है जहां एक भी घर में कभी ताला नहीं लगता। और यह इसलिए कि वहां के लोगों की मान्यता है कि सीमाओं की कोई आवश्यकता नहीं है, जीवन में भेद-भाव के लिए कोई स्थान नहीं है। सब एक हैं। यही कारण है कि इस गांव में आज तक चोरी की कोई वारदात नहीं हुई। कोई डाका नहीं पड़ा। हिंसा की एक भी घटना नहीं हुई। इसी भारत में एक और गाँव है – कतरा। राज्य के डीजीपी को भी विश्वास नहीं हुआ। लेकिन जब वे भी वहाँ का दौरा कर आए तब उन्हें भी मानना पड़ा। यहाँ के थाने में, आजादी के 73 सालों में एक भी फ़ौजदारी शिकायत नहीं हुई, एक भी एफ़.आइ.आर. दाखिल नहीं हुई। क्यों? एक बहुत ही सीधा और सरल सा कारण है ‘मैं नहीं हम

          पड्डा आगे कहते हैं, 2017 की कक्षा के मेरे साथियों, मैं आप सबसे पूछता हूं क्या हम अपनी शिक्षा का उपयोग भारत के इस गांव जैसा विश्व बनाने के लिए नहीं कर सकते? आप जानते हैं वह दुनिया कैसी होगी? धर्म के नाम पर कोई बंधन नहीं होगा। हिंदू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई जैसा बंटवारा नहीं होगा। कोई किसी की बुराई नहीं करेगा। ऐसी दुनिया बनानी है हमें।”

 

          “कहते हैं, सपने वे नहीं होते जो हम रात को सोते में देखते हैं। सपने वे होते हैं जो हमें सोने नहीं देते। जो मार्टिन लूथर किंग को सोने नहीं देता था। वह था सपना। हम सब जो यहां हैं, सबके पास ऐसा एक सपना है। हमें ऐसा सपना देखना चाहिए। हमारा सपना है कि हम एक ऐसी दुनिया बनायें जहां किसी प्रकार का भेद-भाव न हो। जहां हम सब एक हों। मैं दुनिया को यह बताना चाहता हूं कि बर्कले के हर छात्र के दिल की आवाज़ है यह। हम एक ऐसी दुनिया बनाना चाहते हैं जहां 'मैं' के लिए कोई जगह नहीं है। वहां सिर्फ 'हम' और 'हमारा' के लिए जगह है। यह है हमारी पहचान, यह हैं हम।”

          अंत में, मैं यह कहना चाहता हूं, आइए, हम सबके लिए समृद्धि कमाएं। आइए, हम सारी दुनिया को एक बनाएं। यही हमारी पहचान है। यही बर्कले की आवाज़ है - 'स्व' से ऊपर उठ कर 'सर्व' की बात करने वाली आवाज़, जो इस दुनिया को बेहतर बनाना चाहती है। हर कोई कुछ धरोहर छोड़ जाने की बात करता है। हमारी धरोहर है ऐसी कक्षा साबित होना जो अच्छा व्यापार ही नहीं जानती थी, बल्कि कुछ अच्छा करने के व्यापार में विश्वास करती थी।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

चैनल को  जरूर से

लाइक, सबस्क्राइब और शेयर

करें।

यू ट्यूब पर सुनें :

https://youtu.be/xdLainKNoxc

मैं सर्वस्व तेरा ! तेरा ही !...

  (जन्मास्टमी पर अग्निशिखा के लिए वन्दना की विशेष रचना ) आज कृष्ण कन्हैया की वर्षगाँठ है। चारों तरफ़ उत्साह-ही-उत्साह उफन - उफन कर बह रहा ...